रुद्रपुर पुलिस ने किच्छा में छह दिन पहले परिवार को तमंचे बल पर बंधक बनाकर लूटपात करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त ने अपने भाई व दोस्त के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि ग्राम बरा, पुलभट्टा निवासी नरेश कुमार ने 22 जनवरी को पुलिस को सूचना दी थी। जिसमें बताा कि तीन लुटेरे आधी रात को उनके घर में घुसे और तमंचे के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी 87 हजार नगद, जेवर व दो मोबाइल फोन लूटकर ले गए। इसी मामले में ग्राम बरी निवासी शिव कुमार पाल उर्फ प्रसव ने बाइक चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के बाद पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा,पंजाब, उत्तर प्रदेश के संभावित स्थानों पर दबिश दी। 29 जनवरी को पुलिस ने ग्राम लोहार नगला, थाना फतेहगंज, पश्चिमी, बरेली (उ.प्र.) निवासी इस्लाम को तिराहा भोजीपुरा बरेली से तमंचे व लूट के माल से साथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने भाई अबरार व दोस्त शकील साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और तमंचे के बल पर पहले लूट को अंजाम दिया। इसके बाद एक घर के बाहर खड़ी बाइक को लेकर फरार हो गए। पुलिस फरार अबरार व शकील की तलाश कर रही है।