चचेरी बहन की शादी के दौरान फूलों की सजावट के लिए लाए सामान को वापस करके घर लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को डंपर ने रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक मौके पर वाहन छोड़ कर भाग गया। मोहल्ला किला निवासी विशाल (18) पुत्र राकेश अपने बड़े भाई विक्रम (35) और चचेरे भाई कन्हैया (15) पुत्र संजय के साथ मानपुर में एक व्यक्ति को फूलों की सजावट के समान को वापस करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान मानपुर-स्टेडियम रोड पर तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई विक्रम और कन्हैया घायल हो गए। दोनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इस दौरान पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजकर डंपर को कब्जे में ले लिया है। चालक मौके से भाग गया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि विशाल फूलों की सजावट का काम करता था। 18 फरवरी को विशाल के चाचा की बेटी की शादी थी। शादी में फूलों की सजावट की गई थी। बृहस्पतिवार की सुबह सजावट के सामान को वापस करने के लिए बाइक से गए थे। वापस लौटते समय लगभग सुबह करीब 11:45 बजे हादसे में विशाल की मौत हो गई। विशाल अपने पीछे माता शकुंतला, पिता राकेश और भाई विक्रम, राहुल, सूरज, अंशू व विवेक और तीन बहन पूजा, सोनम व कुमकुम को रोता-बिलखता छोड़ गया है।