काशीपुर के सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले में अब परिजनों के साथ विधायक अरविंद पांडे ने भी एसआईटी पर भरोसा जताया है। जबकि पूर्व में वह सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। अब मामले में उनके सुर भी बदले-बदले नजर आ रहे हैं। हालांकि उन्होंने परिवार को न्याय नहीं मिलने पर हर परिस्थिति में साथ खड़े होने की बात कही है।मंगलवार को मृतक किसान सुखवंत सिंह के अंतिम अरदास भोग में गदरपुर विधायक अरविंद पांडे ने मीडिया से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि परिवार जांच एजेंसी से संतुष्ट है, तो हम इन लोगों के साथ हैं। अगर परिवार बोलेगा कि उन्हें उचित न्याय नहीं मिला, तो हम परिवार को न्याय दिलाएंगे। सुखवंत के साथ जो घटना घटी है, इस घटना की पुनरावृत्ति किसी कीमत पर नहीं होनी चाहिए। यह तभी होगा, जब असली अपराधी को सजा मिलेगी। उन्होंने परिवार पर दबाव के सवाल पर कहा कि कहीं न कहीं परिवार दबाव में तो है, ये चीजें बाद में होंगी। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत एक ईमानदार अधिकारी हैं। अगर जिस जिस के नाम का उल्लेख सुखवंत ने किया है, उन्हें सजा मिलती है तो सीबीआई जांच की मांग कोई नहीं करेगा। मैं यहां मात्र एक भीड़ का हिस्सा बनकर श्रद्धांजलि देने नहीं आया हूं, बल्कि यह कहना आया हूं कि भगवान वाहेगुरु की अदालत से बड़ी कोई अदालत हो नहीं सकती। हमें अपने देश और प्रदेश के कानून पर विश्वास करना चाहिए। विधायक पांडे ने कहा कि कुछ लोगों ने मुझे प्रदेश का भूमाफिया बनाने की कोशिश की। एक बुजुर्ग माता को सात साल से बैठा रहे थे कि पांडे ने हमारी जमीन छीन ली, अगर जमीन नहीं दिलाओगे तो आत्महत्या कर लूंगी। ऐसे में मैं स्वयं निकलकर आया और कहा कि मुझे देश की कानून व्यवस्था पर विश्वास है। मेरी सीबीआई जांच कराई जाए और अगर मैं दोषी हूं तो मुझे जेल भेजा जाए। बाजपुर में बूढ़ी मां को लोगों ने ऐसा न्याय दिलाया कि उसका मकान भी चला गया। मैं अपनी सरकार को न कटघरे में खड़ा करना चाहता हूं और न मैं ऐसा करता हूं। मेरी पार्टी और संघ संगठन ने सिखाया है कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जब किसी की जिंदगी की बात आए तो बिना लोभ-लालच के आगे आकर खड़े होना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले का संज्ञान ले लिया है। इसलिए मैं सुप्रीम कोर्ट से अपील करना चाहता हूं कि जो भी जमीन के आरोप लगे हैं, उसकी जांच सीबीआई से होनी चाहिए। ताकि किसी की छवि खराब करने वाला और भूमि हड़पने वाला कोई दूसरा पैदा न हो।