मानदेय बढ़ोतरी समेत छह सूत्रीय मांगाें को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का बेमियादी धरना जारी है। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने धरनास्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देते हुए मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। शुक्रवार को विधायक बेहड़ ने विकास भवन परिसर में धरना स्थल पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को समर्थन देते हुए उनकी मांगों के लिए हर संभव कोशिश करने का आश्वासन भी दिया। कहा कि कार्यकर्ताओं का मानदेय बेहद कम है और सरकार को इसे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने इस संबंध में शासन को पत्र लिखने और व्यक्तिगत रुप से वार्ता करने की बात भी कही। इधर कार्यकर्ताओं ने कहा कि नौ हजार रुपये मासिक वेतन से घर चलाना मुश्किल हो गया है। महंगाई में इतने कम मानदेय में उनके बच्चों को न तो अच्छी शिक्षा मिल पा रही है और न ही उनका कायदे से भरण पोषण हो पा रहा है। उन्होंने भूख हड़ताल करने की चेतावनी दी है। वहां पर रुचिका घई, हंसा लोहनी सहित अनेक मौजूद रहे।