रुद्रपुर शहर के मुख्य बाजार को व्यवस्थित और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने को लेकर महापौर विकास शर्मा व नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने बाजार क्षेत्र में सड़कों और पार्कों का सर्वे किया। उन्होंने व्यापारियों से सुझाव लेने के साथ ही सहयोग भी मांगा। उन्होंने चेताया कि फुटपाथ और सड़क से अतिक्रमण नहीं हटाने की अपील नहीं मानने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी। सोमवार को महापौर विकास शर्मा, नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल व निगम टीम के साथ वीर हकीकत राय मार्ग पहुंचे। उन्होंने सड़क पर जाम से निपटने के लिए व्यापारियों के साथ चर्चा की। लोगों ने कहा कि यह मार्ग लम्बे समय से वाहन पार्किंग का अड्डा बना हुआ है। यहां पर दिन भर बड़ी संख्या में वाहन खड़े रहते हैं। कुछ व्यापारियों ने पार्किंग की समस्या उठाई और पार्किंग का इंतजाम करने की मांग की। महापौर ने कहा कि व्यापारियों के लिए नगर निगम की ओर से निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की जायेगी। छोटे वाहनों के लिए वीर हकीकत राय मार्ग के बीच में स्थान छोड़ा जायेगा।