मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में संजय पार्क स्थित छठ घाट पर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने खटीमा से पूर्वांचल समाज के साथ ही प्रदेश के सभी लोगों को छठ पर्व की बधाई दी। पूर्वांचल सेवा समिति की ओर से सीएम का फूल मालाओं व स्मृति चिह्न देकर भव्य स्वागत किया गया। सोमवार की शाम सीएम धामी पूर्वांचल सेवा समिति की ओर से संजय रेलवे पार्क में आयोजित सूर्य षष्ठी व्रत महोत्सव (छठ पूजा) के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि ये जीवन मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों का महापर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति और पर्यावरण के महत्व के बारे में भी बताता है। छठ महापर्व भारत की उस महान संस्कृति का भी प्रत्यक्ष प्रमाण है जिसमें उगते सूर्य के साथ ही ढलते सूर्य को भी अर्घ्य अर्पित किया जाता है जो अपने आप में अनोखा अनुभव है। मुख्यमंत्री ने कहा खटीमा तो मेरा घर ही है और आप सभी मेरा परिवार हैं, यहीं से मैंने जनसेवा की यात्रा आरंभ की थी, और इस क्षेत्र की प्रत्येक गली, प्रत्येक गांव मेरे दिल के करीब है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने खटीमा में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल से लेकर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।