उत्तराखंड भोजन माता कामगार यूनियन के बैनर तले भोजन माताओं ने रैली निकालकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने 26000 रुपये मासिक मानदेय सहित सात सूत्री मांगपत्र मुख्यमंत्री को भेजा है। उन्होंने सरकार पर उनकी उपेक्षा करने का आरोप मढ़ा है। चेताया कि यदि उन्हें स्कूलों से हटाया गया तो वे सामूहिक रूप से भूख हड़ताल पर बैठेंगी। बड़ी संख्या में मंगलवार को भोजन माताएं पुलिस कार्यालय के सामने नैनीताल रोड पर एकत्र हुईं। वहां से वे नारेबाजी करतीं हुईं रैली निकालकर कलक्ट्रेट गेट पर पहुंचीं। इस पर कर्मियों ने गेट बंद कर दिए तो वहां करीब 20 मिनट तक प्रदर्शन किया गया। इसके बाद गेट खुलने पर उन्होंने कलक्ट्रेट में ओसी गौरव पांडे को सीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा। उन्हाेंने कहा कि लंबे समय से ज्ञापन भेजने के बावजूद सरकार उनकी मांगों को अनदेखा कर रही है। मुख्यमंत्री ने कल्याण कोष से उनके लिए जो घोषणा की थी, उसे अभी तक लागू नहीं किया गया है। भोजनमाताओं को छात्र संख्या कम होने का हवाला देकर स्कूलों से हटाया जा रहा है। वहां जिलाध्यक्ष रेखा राणा, संध्या रानी, राधा जोशी, रविता, सुनीता देवी, मीना देवी, चंपा देवी, सुषमा शर्मा, अंजली मंडल, हंसी देवी और कमला कांडपाल सहित कई मौजूद रहीं।