प्रदेश में लागू यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के तहत विवाह और वसीयत पंजीकरण प्रक्रिया में अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों को शामिल नहीं किए जाने के विरोध में जिलेभर में बार एसोसिएशन ने कार्यबहिष्कार जारी रखा। इसके तहत रुद्रपुर में जिला बार एसोसिएशन के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया गया। अधिवक्ताओं ने एआईजी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया अधिवक्ताओं ने बताया कि वे लगातार 12 दिनों से कार्यबहिष्कार कर आंदोलन कर रहे हैं। उनके इस आंदोलन में जिलेभर की बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार को उनकी मांगों पर तुरंत विचार करना चाहिए और अधिवक्ताओं के साथ हो रहे अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन तैयार किया, जिसे जिला कलेक्ट्रेट में ओएसडी गौरव पांडे को सौंपा गया। उन्होंने सरकार से मांग की कि यूसीसी के तहत विवाह और वसीयत पंजीकरण प्रक्रिया में अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों को शामिल किया जाए।