भिलंगना ब्लॉक में शुक्रवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट बदल ली। एक ओर जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर तेज आंधी, तूफान और आसमानी बिजली ने कई क्षेत्रों में भारी नुकसान पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि इस प्राकृतिक आपदा में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बालगंगा तहसील क्षेत्र के डालगांव में तेज तूफान के चलते धर्म सिंह, मोहन सिंह और अरविंद सिंह के मकान धराशायी हो गए। वहीं ग्राम प्रधान रुक्मणी देवी के घर की टीन की छत भी तेज हवाओं में उड़ गई। इसके अलावा समीपवर्ती खवाड़ा गांव में शुरवीर सिंह रावत के मकान की टीन शेड भी आंधी की चपेट में आकर उड़ गई। तेज तूफान का असर चारधाम मोटर मार्ग घनसाली-केदारनाथ रोड पर भी देखने को मिला, जहां कई स्थानों पर भारी चीड़ के पेड़ सड़क पर गिर गए। हालांकि प्रशासन की तत्परता से मार्ग को जल्द साफ कर यातायात सुचारु किया गया। एसडीएम घनसाली मंजू राजपूत ने बताया कि डालगांव और खवाड़ा में कुछ परिवारों के मकानों की छतें उड़ने की सूचना मिली है। नुकसान का आकलन करने के लिए स्थानीय पटवारी को मौके पर भेजा गया है। पीड़ित परिवारों को आपदा मद से राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि सड़क पर गिरे पेड़ों को तत्काल हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया।