घनसाली क्षेत्र के लिए बहुप्रतीक्षित मुयालगांव-गोदीखाल (डागर) मोटर मार्ग के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लोक निर्माण विभाग ने सर्वे कार्य शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल इस महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना के सर्वे की शुरुआत होने से क्षेत्रवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि सड़क निर्माण के बाद क्षेत्र की यातायात, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। लोक निर्माण विभाग घनसाली द्वारा प्रस्तावित मोटर मार्ग की संभावित रूपरेखा, भौगोलिक स्थिति और तकनीकी पहलुओं का गहन अध्ययन किया जा रहा है। यह सड़क मुयालगांव से गोदीखाल होते हुए डागर और कीर्तिनगर क्षेत्र को जोड़ने का कार्य करेगी। परियोजना के पूर्ण होने पर घनसाली क्षेत्र का संपर्क मलेथा में बन रहे ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के रेलवे स्टेशन से अधिक सुगम हो जाएगा। अस्थाई खंड लोक निर्माण विभाग घनसाली-घुमेटीधार के अधिशासी अभियंता दिनेश नौटियाल ने बताया कि मुख्यमंत्री घोषणा के तहत मुयालगांव से डागर-कीर्तिनगर तक मोटर मार्ग प्रस्तावित है। इसके लिए सर्वे कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 10 किलोमीटर क्षेत्र का सर्वे पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष करीब 6 किलोमीटर का सर्वे अगले दस दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट तैयार होने के बाद निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।