धर्म और आस्था की पावन नगरी देवप्रयाग मंगलवार को उस समय भक्ति के चरम पर पहुंच गई, जब सिद्धपीठ कालीमठ की कालीमाई की दिव्य देवरा यात्रा ने पूरे 15 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद नगर में प्रवेश किया। कालीमाई की डोली के आगमन की सूचना मात्र से ही स्थानीय निवासी और श्रद्धालु सड़कों पर उतर आए। जैसे ही मां की डोली ने सीमा में प्रवेश किया, पूरा क्षेत्र पुष्प वर्षा और 'जय मां कालीमाई', 'जय रघुनंदन' व 'जय गंगा माई' के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा। श्रीनगर, कीर्तिनगर, बगवान और मूल्यागांव जैसे विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए मां की डोली जब ऐतिहासिक श्री रघुनाथ मंदिर पहुंची, तो वहां का दृश्य अत्यंत विहंगम था। बद्रीश युवा पुरोहित संगठन के अध्यक्ष श्रीकांत बडोला और रघुनाथ मंदिर समिति के सचिव विजय जोशी के नेतृत्व में सैकड़ों श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया। मंदिर परिसर में डोली ने भगवान श्री रघुनाथ के दर्शन किए और तत्पश्चात भगवान की छतरी में स्थित पारंपरिक गद्दी पर विराजमान हुई। इस अलौकिक अवसर पर आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से मां का अभिनंदन किया। कालीमठ के मुख्य पुजारी ऋषिराम भट्ट ने इस यात्रा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 2009 के बाद अब यह शुभ अवसर आया है जब मां अपने भक्तों को साक्षात दर्शन देने और आशीर्वाद बरसाने देवप्रयाग पहुंची हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा का मुख्य आकर्षण बुधवार को मकर संक्रांति के पावन पर्व पर होगा, जब मां कालीमाई की डोली अलकनंदा और भागीरथी के पवित्र संगम पर विधि-विधान के साथ शाही स्नान करेगी। मां के इस दुर्लभ आगमन को लेकर संपूर्ण देवप्रयाग क्षेत्र में उत्सव और उल्लास का वातावरण बना हुआ है।