जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 30 शिकायतें दर्ज की गई, जिनमें से 14 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, आवास, मोबाइल कनेक्टिविटी और भू-धंसाव से जुड़ी समस्याएं उठाईं। रविग्राम के प्रधान रामेश्वर प्रसाद ने मोबाइल नेटवर्क और घंडियाल गदेरे के पानी से सड़क को हो रहे खतरे की ओर ध्यान दिलाया।