आगामी मानसून सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को सुचारु बनाए रखने के लिए जिले के महत्वपूर्ण हेलीपैडों से अतिक्रमण हटाया गया है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय हेलीकॉप्टर संचालन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में हेलीपैडों को हर समय उपयोग योग्य बनाए रखने के लिए उपजिलाधिकारियों, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि मदमहेश्वर क्षेत्र में आपदा प्रबंधन के लिहाज से आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए शासन से भी अनुरोध किया गया है। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि संभावित मानसूनी आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड में रखा गया है। विभागों को पूर्व तैयारियां पूरी करने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।