बड़कोट वन रेंज के अंतर्गत वन भूमि पर कुछ लोगों द्वारा जेसीबी की मदद से करीब चालीस साल पुरानी खाई को पाटकर सड़क बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसका रैनापुर, घमंडपुर के लोगों ने पुरजोर विरोध किया ही। ग्रामीणों का आरोप है कि बड़कोट वन रेंज के किनारे करीब 40 साल पुरानी एक गहरी खाई थी। जो वन्यजीवों को घमंडपुर और रैनापुर में आने से रोकती थी। लेकिन कुछ भूमाफिया द्वारा बंद जमीन के लिए रास्ता बनाने के उद्देश्य से 40 साल पुरानी वन भूमि की करीब एक किलोमीटर लंबी खाई को पाटकर सड़क बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसका मौके पर जाकर लोगों ने विरोध किया है। सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जॉइंट सर्वे का आश्वासन देकर वापस लौट आई। आरोप है कि जिस खाई को जेसीबी की मदद से पाट दिया गया है। उसमें दर्जनों प्रतिबंधित प्रजाति के पेड़ खड़े थे। जिन्हें खाई में मिट्टी डालकर दबा दिया गया है। खाई के एक तरफ बड़कोट वन रेंज का घना जंगल जबकि दूसरी तरफ किसी अन्य व्यक्ति का आम का बगीचा खड़ा है। और तीसरी पार्टी द्वारा इन दोनों के बीच से एक किलोमीटर लंबी खाई को पाटकर बंद जमीन के लिए रास्ता बनाया जा रहा है। ग्रामीणों ने इसकी लिखित में शिकायत वन विभाग और पुलिस से भी की है।