54वें विजय दिवस पर पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया गया। इस दौरान वीरांगनाओं को शॉल ओढ़कर सम्मानित किया गया। शहीद स्मारक पर शहीद दिवस पर हुए कार्यक्रमों का शुभारंभ जिलाधिकारी आशीष भटगांई, मेयर कल्पना देवलाल और जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सेवानिवृत्त कर्नल करम सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। डीएम आशीष भटगांई ने कहा कि विजय दिवस भारतीय सशस्त्र सेनाओं के अदम्य शौर्य, साहस और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। मातृभूमि की रक्षा के लिए हमारे सैनिकों का त्याग प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है और देश सदैव उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे 1971 के युद्ध से प्रेरणा लेकर अनुशासन, देशभक्ति और सेवा भाव को जीवन में अपनाएं तथा शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएं। इस दौरान विभिन्न संगठन के लोगों और पूर्व सैनिकों ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते उन्हें याद किया। वहीं शहीद स्व. हवलदार दानसिंह की वीरांगना सरस्वती देवी, लांस नायक दीवानी नाथ की वीरांगना शांति देवी, लांस नायक रतन राम की वीरांगना लछिमा देवी व शहीद सिपाही नारायण बिष्ट की पुत्री विमला चंद्र को डीएम ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। विजय दिवस के अवसर पर विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति भी दी। कार्यक्रम में कई संगठन के लोगों के साथ ही अधिकारी और पूर्व सैनिक मौजूद रहे।