उत्तराखंड की टैक्सियों का देहरादून रूट पर यूपी में यात्री कर वसूलने और चालान काटे जाने से संचालकों में आक्रोश है। टैक्सी यूनियन ने इसके विरोध में कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि दोनों प्रदेशों की सरकारों के बीच यात्री कर में छूट देने का अनुबंध हुआ है। इसकी अनदेखी कर यूपी पुलिस उत्तराखंड के टैक्सी संचालकों का उत्पीड़न कर रही है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शुक्रवार को टैक्सी संचालकों ने यूनियन अध्यक्ष नवल किशोर के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि देहरादून रूट पर उत्तराखंड की टैक्सियों को यूपी के बिजनौर जिले के नजीबाबाद होते हुए गुजरना पड़ता है। दोनों प्रदेश की सरकारों के बीच इस दायरे से गुजरने वाले यात्री वाहनों से यात्री कर न लेने का अनुबंध हुआ है। यूपी पुलिस इस अनुबंध की अनदेखी कर उत्तराखंड के टैक्सी संचालकों का उत्पीड़न कर रही है। यहां से गुजरने वाले टैक्सी संचालकों से यात्री कर वसूला जा रहा है। न देने पर उनका चालान किया जा रहा है जो गलत है। उन्होंने डीएम विनोद गोस्वामी के माध्यम से उत्तराखंड के परिवहन आयुक्त को पत्र भेजकर समस्या के समाधान की मांग की। चेतावनी देते हुए कहाकि टैक्सी संचालकों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो वे टैक्सी का संचालन बंद कर आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों यूनियन के उपाध्यक्ष प्रेम सौन, सचिव गणेश जंग, कम्मू चंद, रविंद्र बिष्ट, अर्जुन भंडारी, बादल सहित अन्य टैक्सी संचालक शामिल रहे।