पिथौरागढ़ में निकाय चुनाव के लिए तैनात मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उन्हें नुक्कड़-नाटक के जरिए थी मतदान प्रक्रिया की बारीकियां बताई गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद गोस्वामी ने कहा कि निष्पक्ष मतदान कराना हर कर्मी का दायित्व है। एलएमएस परिसर में जिले के छह निकायों के लिए तैनात आरओ, एआरओ, पीठासीन अधिकारियों के साथ ही अन्य सभी मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद गोस्वामीने कहा कि मतदान संवेदनशील प्रक्रिया है। कर्मियों को जो दायित्व दिया गया है इस पर उन्हें खरा उतरना होगा। उन्होंने कहा पीठासीन अधिकारी को निर्वाचन आयोग की पुस्तिका का अध्ययन कर इसके अनुसार चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराना होगा। हर मतदान कर्मी को मतदाताओं से अच्छा व्यवहार करना चाहिए ताकि मतदान में विवाद की संभावना को कम किया जा सके। उन्होंने सभी मतदान कर्मियों ने निर्धारित प्रपत्र के जरिए मतदान कर लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी निभाने की अपील भी की। इस दौरान शिक्षक डॉ. सीबी जोशी के निर्देश में नुक्कड़-नाटक का आयोजन किया गया। कलाकारों ने अपनी कला के जरिए निर्वाचन कर्मियों को मतदान प्रक्रिया की बारीकियां बताईं। मतदान, किसी विवाद की स्थिति से निपटने आदि का प्रदर्शन किया गया। डॉ. जोशी ने कहा कि आसान तरीके से मतदान प्रक्रिया की जानकारी कर्मियों को देने का यह प्रयास है। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी योगेंद्र सिंह, डीडीओ रमा गोस्वामी, प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण अमरेंद्र चौधरी, सहायक प्रभारी प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. दीपेंद्र महर, मोहन चंद्र जोशी सहित कई मतदान कर्मी शामिल रहे।