फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh: विशेषज्ञों की नियुक्ति की मांग के लिए धरने पर बैठे पार्षद

हीरा मेहरा Updated Fri, 26 Dec 2025 12:00 AM IST

पिथौरागढ़ जिले के अस्पतालों में विशेषज्ञों की तैनाती की मांग के लिए नगर निगम के पार्षदों ने धरना दिया। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए कहा कि जिले में अल्ट्रासाउंड के लिए रेडियोलॉजिस्ट नहीं हैं तो महिलाओं के इलाज के लिए महिला रोग विशेषज्ञों की कमी है। जिला अस्पताल में सर्जन की कमी से ऑपरेशन अटक गए हैं और मरीज इसके लिए मैदानी क्षेत्रों के चक्कर काटने के लिए मजबूर हैं। बृहस्पतिवार को पार्षदों ने नगर के गांधी चौक पर धरना दिया। पार्षद सुशील खत्री ने कहा कि जिले के पीएचसी और सीएचसी में विशेषज्ञ नहीं हैं और सामान्य चिकित्सकों के सहारे मरीजों का बेहतर इलाज करने के दावे हो रहे हैं। जिला महिला अस्पताल में महिला और बाल रोग विशेषज्ञों की कमी से महिलाएं और नवजात को उचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। पार्षदों ने कहा कि जिले के किसी भी अस्पताल में नियमित रेडियोलॉजिस्ट नहीं हैं। प्रशिक्षण देकर सामान्य चिकित्सक के सहारे जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं। महिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट न होने से जिले भर की गर्भवतियों के लिए अल्ट्रासाउंड कराना चुनौती बन गया है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में बगैर प्रतिस्थानी के सर्जन का स्थानांतरण करने से व्यवस्था बिगड़ गई है। एकमात्र सर्जन के लिए मरीजों की जांच, इलाज और ऑपरेशन करना मुश्किल हो रहा है। समय पर ऑपरेशन न होने से कई मरीजों को मैदानी क्षेत्रों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। कहा कि सीमांत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के दावे हवाई हैं। पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अस्पतालों में विशेषज्ञों की तैनाती नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। धरना देने वालों में त्रिलोक सिंह महर, शेरिन नगरकोटी, पुष्पा उप्रेती, नीरज जोशी, जयंती सौन, अंशु नागी, हंसी प्रकाश, मोहित चौसाली, भूपेंद्र कठायत, नीरज कोठारी, करन सिंह सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें