प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा ने सरकारी कार्यक्रम का बहिष्कार किया। कार्यकर्ताओं ने डीएम के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए पार्टी कार्यालय में प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि डीएम ने सेवा पखवाड़े को लेकर हुई बैठक में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ गलत व्यवहार किया था। इसकी सरकार से भी शिकायत की जाएगी। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़े के तहत नगर निगम सभागार में रक्तदान किया। जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर सेवा पखवाड़े का शुभारंभ किया। इसके बाद कार्यकर्ता रामलीला मैदान में आयोजित सरकारी कार्यक्रम का बहिष्कार कर पार्टी कार्यालय पहुंचे और पीएम मोदी का अभिभाषण सुना। भाजपा के मीडिया प्रभारी रघुवीर बिष्ट ने वीडियो जारी कर कहा कि सेवा पखवाड़े के तहत पूर्व में हुई बैठक में डीएम ने पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ गलत व्यवहार किया। कहा कि जनप्रतिनिधि, संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की लगातार शिकायत मिल रही है कि आला अधिकारियों का व्यवहार ठीक नहीं है। उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन और सरकार में इस मामले की शिकायत की जाएगी। इस मौके पर सेवा पखवाड़ा के जिला संयोजक विरेंद्र शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, उमेश महर, राकेश देवलाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपिका चुफाल, सुमन धामी आदि शामिल रहे।