पिथौरागढ़ के थलकेदार जंगल के नजदीकी चामी गांव में भालू के घुसने से दहशत फैल गई। ग्रामीण घरों में कैद हो गए और बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। वन कर्मियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद भालू को ट्रैंकुलाइज कर रेस्क्यू किया। भालू के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। जिला मुख्यालय से करीब पांच किमी दूर चामी गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक मकान के पास ग्रामीणों ने भालू देखा। इससे ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान भालू को ट्रैंकुलाइज कर रेस्क्यू किया गया। भालू पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वे घरों से बाहर निकले। डीएफओ आशुतोष सिंह ने बताया कि भालू को प्राथमिक इलाज के बाद निगरानी में रखा गया है। भालू की उम्र चार साल के करीब है। वह भटककर आबादी में पहुंच गया था। भालू को उसको प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा।