अस्कोट के हरिपुर गांव में एक मकान आग लग गई। इस दौरान सिलिंडर फटने से पूरा घर आग की लपटों से घिर गया। आग से लगभग पांच तोला सोने के गहने और दो लाख रुपये की नकदी सहित सारा सामान जलकर राख हो गया। मकान जल जाने से परिवार बेघर हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार शाम लगभग छह बजे अस्कोट से लगभग तीन किमी दूर स्थित गर्जिया ग्राम सभा के हरिपुर तोक निवासी 90 वर्षीय तुलसी देवी के मकान में अचानक आग लग गई। घटना के समय तुलसी देवी अकेली घर में थीं जबकि अन्य सदस्य खेतों में काम पर गए थे। जब तुलसी देवी घर से बाहर आकर पड़ोसियों को सूचना देने पहुंची इसी दौरान सिलिंडर में धमाका हो गया। इसके बाद उठी आग की विकराल लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू करने के साथ ही फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन जब तक आग बुझती तब तक पूरा घर और सामान जलकर पूरी तरह से राख हो गया। निर्मला पाल ने बताया कि उन्होंने अपनी सास तुलसी देवी के उपचार के लिए दो लाख रुपये जमा किए थे। आग से रुपये, लगभग पांच तोला सोने के गहने, राशन, कपड़े सहित सब कुछ समान जल गया है। परिवार में छह सदस्य हैं। अब उनके पास शरीर पर पहनने कपड़ों के अलावा कोई सामान नहीं है। पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। इस दौरान मौके पर अस्कोट के थानाध्यक्ष केएस रावत सहित अन्य जवान मौजूद रहे।