पिथौरागढ़ में जिले भर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने 18 हजार मानदेय की मांग पर नगर में रैली निकालते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पूरी जिम्मेदारी से काम करने के बाद भी हमें न तो सम्मानजनक मानेदय दिया जा रहा है और ना ही राज्य कर्मचारी घोषित किया जा रहा है। जिले भरी की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठन की जिलाध्यक्ष नीमा जोशी के नेतृत्व में नगर के रामलीला मैदान में एकत्र हुईं। इस दौरान इन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। यहां से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट तक आक्रोश रैली निकाली। सभी ने कहा कि हम पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। इसके बाद भी हमें मामूली मानदेय दिया जा रहा है इससे घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय 18 हजार रुपये मानदेय, सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि देने की मांग कर रही हैं लेकिन सरकार इसके लिए गंभीर नहीं है। अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे कार्य बहिष्कार करते हुए धरना देने के लिए विवश होंगी। रैली में सुनीता जोशी, कमला सामंत, श्वेता उप्रेती, आशा ततराड़ी, शांति देवी, गोदावरी बोरा, पार्वती देवी, सरिजा गुंज्याल, गंगा खत्री, रेखा सहित कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल रहीं।