केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र, सशस्त्र सीमा बल श्रीनगर की ओर से गोला बाजार में राष्ट्रगीत वंदे मातरम की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभक्ति से ओत-प्रोत बैंड डिस्प्ले कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एसएसबी के उप महानिरीक्षक सुभाष चन्द नेगी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी भागीदारी की। एसएसबी बैंड द्वारा प्रस्तुत धुनों ने पूरे गोला बाजार को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। विशेष रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की भावपूर्ण प्रस्तुति ने लोगों को भावविभोर कर दिया तथा स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास की स्मृतियों को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, समर्पण एवं सांस्कृतिक चेतना का सुंदर समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से सशस्त्र सीमा बल ने यह संदेश दिया कि वह न केवल देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि राष्ट्रीय विरासत, संस्कृति एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।