रामनगर के ग्राम पाटकोट में खोली गई शराब की नई दुकानों के विरोध में 40वें दिन भी महिलाओं का प्रदर्शन जारी रहा। महिलाओं ने शराब की दुकान के ठेके को जल्द ही निरस्त करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं करने पर बच्चों के साथ भूख हड़ताल पर बैठने की शासन प्रशासन को चेतावनी दी है। शनिवार को पाटकोट में शराब की दुकान के विरोध में धरना देने के दौरान तुलसी देवी ने कहा कि लंबे समय तक धरना प्रदर्शन कर शासन प्रशासन को चेताने के बाद भी अब तक शराब की दुकान को लेकर कोई लिखित कार्रवाई नहीं की गई है। आरोप लगाया कि गांव में शराब की दुकान खोलने से सामाजिक माहौल बिगाड़ेगा। महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पाटकोट रोड से शराब का ठेका जल्द निरस्त नहीं किया तो महिलाएं अब अपने बच्चों के साथ भूख हड़ताल पर बैठेंगी। इस दौरान पूनम ,कविता, मोहिनी, गुड्डी, हेमा, हिमानी, बचुली, हंसी, प्रभावती, पूजा आदि मौजूद रहे।