रामनगर के ग्राम पाटकोट में खुली शराब की नई दुकानों के विरोध में शुक्रवार को महिलाओं ने डिग्री कॉलेज से एसडीएम कार्यालय तक जुलूस निकाला। उन्होंने शराब की दुकान तत्काल बंद नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। मालधन में भी महिला एकता मंच के बैनर तले महिलाओं ने शराब की दुकान के विरोध में धरना जारी रखा। भगवती आर्य ने कहा कि सरकार 77 वर्ष बाद भी पाटकोट गांव में बुनियादी सुविधाएं नहीं दे सकी, लेकिन अपना राजस्व बढ़ाने के लिए गांव में शराब की दुकान खोल दी है। इससे क्षेत्र का माहौल खराब होगा। इस दौरान पुष्पा आर्य, विनिता टम्टा, मुनीश कुमार आदि रहे। मालधन क्षेत्र में धरना प्रदर्शन के दौरान एकता मंच संयोजिका सरस्वती जोशी ने बताया कि शराब की दुकान के विरोध शनिवार को शराब की दुकान के बाहर चक्काजाम कर धरना दिया जाएगा। इस दौरान देवकी देवी, कमला पाठक, बसंती देवी, दीपा देवी, आशा देवी, नंदी देवी आदि मौजूद रहीं।