लाडली हत्याकांड के आरोपी के सुप्रीम कोर्ट से बरी होने के बाद आक्रोश का आग फिर सुलग गई है। पिथौरागढ़ में आंदोलन और प्रदर्शन के बाद बृहस्पतिवार को हल्द्वानी की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। बुद्धपार्क में जनसभा के बाद लोगों ने जुलूस की शक्ल में सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक पहुंचकर मांगपत्र सौंपा। लोगों ने इस मामले में सरकार से पुनर्विचार याचिका दायर करने की मांग की। कुमाऊं के लोक कलाकारों और पहाड़ी आर्मी के आह्वान पर बृहस्पतिवार को दोपहर ढाई बजे बुद्धपार्क में लोगों का जुटना शुरू हुआ। साढ़े तीन बजे तक पार्क खचाखच भर गया। जनसभा को संबोधित करते हुए पहाड़ी आर्मी के संयोजक हरीश रावत ने कहा कि 11 साल पहले पिथौरागढ़ से लाडली हंसी-खुशी परिजनों के साथ शादी समारोह में शामिल होने के हल्द्वानी आई थी। रात में अपहरण कर दुष्कर्म को अंजाम देने के बाद मासूम की हत्या कर दी गई।