नैनीताल। छात्र नेता मेहुल साह के नेतृत्व में हल्द्वानी से पहुंचे छात्रों ने विभिन्न मांगों को लेकर कुमाऊं विश्वविद्यालय मुख्यालय में प्रदर्शन किया। छात्र एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में स्नातक (यूजी) स्तर पर कुछ विषयों में सीटें बढ़ाने और महाविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को उनकी इच्छा के विपरीत विषय आवंटित किए जाने का विरोध किया। बृहस्पतिवार को कुलपति कार्यालय पहुंचे आक्रोशित छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का दावा है कि कॉलेज में एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के विषय यह तर्क देकर जबरन बदल दिए गए हैं कि वे विषय कठिन हैं, जो कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। इस दौरान छात्रों ने कुलसचिव प्रोफेसर रजनीश पांडे, उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. नंदन बिष्ट और प्रो. महेंद्र राणा से मुलाकात कर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुलसचिव प्रो. रजनीश पांडे ने छात्रों को आश्वस्त किया कि संबंधित महाविद्यालय से इस संबंध में पूरी जानकारी और रिपोर्ट मांगी जा रही है। उन्होंने कहा कि कॉलेज से फीडबैक मिलने के बाद छात्रहितों को सर्वोपरि रखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन में कपिल, मयंक गोस्वामी, प्रियांशु टम्टा, हिमांशु, चंदन, मनोज और देवेंद्र नेगी आदि छात्र मुख्य रूप से मौजूद रहे।