कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी से भेंट की। उन्होंने तहसील परिसर में एसआईआर से संबंधित प्रपत्रों की कथित कालाबाजारी का मुद्दा उठाया। विधायक ने कहा कि कुछ लोग निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर प्रपत्र बेच रहे हैं। उन्होंने ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने की मांग की। हृदयेश ने कहा लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से जनता की मजबूरी का फायदा उठाने वालों पर कठोर कार्रवाई करने के लिए कहा। विधायक ने एसआईआर प्रक्रिया में आम लोगों को हो रही दिक्कतों को हल कराने की बात कही। उन्होंने प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की मांग की। प्रशासन से स्पष्ट और समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया। विधायक के साथ महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, मयंक भट्ट, हेमंत बगडवाल, एनबी गुणवंत, सुरेंद्र सिंह बिष्ट और मलय बिष्ट मौजूद रहे। इधर, पार्षद भागीरथी बिष्ट, फईम जेबा सलमानी और पूर्व सभासद शकील अहमद ने भी सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने भी आम जनता को एसआईआर प्रक्रिया के दौरान होने वाली दिक्कतों को हल कराने की मांग की। इन नेताओं ने दस्तावेज, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और सत्यापन को लेकर लोगों में व्याप्त भ्रम दूर करने पर जोर दिया।