कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे 38वें राष्ट्रीय खेलों के समापन को लेकर टीमवर्क की तरह काम करें। उन्होंने बाहर से आने वाले गण्यमान्य लोगों और अतिथियों के रात में ठहरने की व्यवस्थाएं कराने, अवैध रूप से होर्डिंग्स को हटवाने और जरूरत के मुताबिक बैरिकेडिंग कराने के भी निर्देश दिए हैं। रावत सोमवार को यहां काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में राष्ट्रीय खेलों के भव्य एवं ऐतिहासिक समापन की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सफाई, जलपान, पार्किंग, स्टेज व्यवस्था, हेलिपैड व्यवस्था, एलईडी, बैरिकेडिंग, शौचालय, मीडिया पास व्यवस्था आदि की जानकारी ली। कहा कि समापन प्रबंध में जो कमी है, उसे समय पर पूरा करें। उन्होंने शौचालयों की साफ सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने, शौचालय कर्मियों का ड्रेस कोड लागू कराने, पार्किंग स्थलों में पेयजल, शौचालय एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी वंदना ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की जानकारी आयुक्त को दी। बताया कि स्टेडियम के बाहर विभिन्न स्थानों पर आठ पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जहां 2500 वाहनों की पार्किंग व्यवस्था होगी। लोगों को स्टेडियम तक लाने के लिए 350 शटल बसें लगाई गई हैं। स्टेडियम में लगभग 12 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। बैठक में डीआईजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, सीडीओ अशोक कुमार पांडेय, यूएस नगर के सीडीओ मनीष कुमार, डीएफओ हिमांशु बागरी, एसएसपी पीएन मीणा, कमांडेंट स्टेशन हेडक्वार्टर ले.कर्नल अरूण शेखर, आरटीओ संदीप सैनी, गुरदेव सिंह समेत सभी नोडल अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।