प्रशासन और नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को हल्द्वानी शहर के अलग-अलग हिस्सों में अतिक्रमण हटाया। मुख्य बाजार क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के दौरान कारोबारियों और नगर निगम कर्मियों के बीच तीखी झड़प भी हुई। इसके बावजूद नगर निगम कर्मियों ने सड़क किनारे लगाए गए कई फड़-ठेलों को मय सामान के जब्त कर लिया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी के नेतृत्व में सदर बाजार से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू हुआ। इसके बाद टीम कारखाना बाजार, मीरा मार्ग, सिंधी चौराहा होते हुए मंगल पड़ाव तक पहुंची। इस दौरान नगर निगम कर्मियों ने सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाए गए फड़, ठेले, स्टॉल और दुकानों के आगे रखे सामान को जब्त कर लिया। अभियान के दौरान लगभग दो ट्रैक्टर-ट्रॉली सामान जब्त किया गया। इस दौरान कुछ कारोबारियों ने विरोध किया। इसे लेकर तीखी झड़प भी हुई। अभियान के दौरान नगर निगम ने जेसीबी की मदद से दुकानों के आगे निकाली गई झांप व पॉलिथीन को भी उखाड़ दिया और काउंटर भी तोड़ दिए। अभियान में सहायक नगर आयुक्त ईश्वर सिंह रावत, मुख्य सफाई निरीक्षक अमोल असवाल, सफाई निरीक्षक चतर सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।