प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बुधवार को भीमताल में कांग्रेस की ओर से परिवर्तन संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में प्रदेश सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाकर रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भीमताल विधानसभा में भाजपा को हराने के लिए बूथ स्तर को मजबूत बनाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि जनता के बीच जाकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों, पेपर लीक, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न से अवगत कराएं। सम्मेलन के संयोजक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन मेहरा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के वोट से कांग्रेस विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांवों में लोगों के साथ बैठक कर राम मंदिर में हुई चंदा चोरी को लेकर जागरूक करें। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, महिला अपराध, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस प्रदेश में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की जीत हासिल करेगी। मेहरा ने कहा कि कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है लेकिन भाजपा में सबसे अधिक गुटबाजी सामने आने लगी है भीमताल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस से दावेदारी करने वाले हरीश पनेरू, गोपाल सिंह बिष्ट, डॉ. केदार पलड़िया, लाखन सिंह नेगी, राकेश बृजवासी, खष्टी बिष्ट ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भीमताल से कांग्रेस की जीत हासिल करेगी। हल्द्वानी विधायक सुमित ह्रदयेश, जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की हिटलरशाही को प्रदेश की जनता बाहर करके रहेगी। इसके लिए कांग्रेसी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करेगी। इस दौरान पूर्व सांसद महेंद्र पाल, चेयरमैन सीमा टम्टा, पूर्व चेयरमैन देवेंद्र सिंह चनौतिया, नगर अध्यक्ष सतीश टम्टा, जिलाध्यक्ष नीरज कुमार मोनू, भुवन तिवारी, डीके डालाकोटी, राजेंद्र बिष्ट, भूपेंद्र कनौजिया, मनोज शर्मा, आशा आर्या, पंकज आर्य, निर्मला आर्या, सुजान सिंह रजवार आदि मौजूद रहे।