नैनीताल जिले के बलियानाला में हो रहे कार्य का बृहस्पतिवार को निरीक्षण करने पहुंचीं डीएम वंदना सिंह हरिनगर और आसपास हो रहे अवैध निर्माण पर भड़क गईं। डीएम ने ईओ को फटकार लगाते हुए संबंधित लोगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि जब प्रभावित क्षेत्र के लोगों को हटाया जा चुका है तो फिर यह वापस आकर भवन का जीर्णोद्धार कैसे कर रहे हैं। वहीं बलियानाला में हो रहे ट्रीटमेंट कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। इधर, जीआईसी निर्माण के लिए एनओसी जारी होने की बात कहकर जल्द कार्य शुरू होने की जानकारी दी। डीएम ने कहा कि क्षेत्र के अधिक संवेदनशील स्थलों का बरसात से पहले ट्रीटमेंट किया जाए। बताया कि बलियानाला में हो रहे कुछ कार्यों की डीपीआर संशोधित की गई है। क्षेत्र में कार्य के दौरान कुछ हिस्सों में कटाव के चलते 130 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है, ताकि बजट मिलने पर उन हिस्सों का भी ट्रीटमेंट किया जा सके। इस दौरान उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों के विस्थापन के लिए कुछ जगहों का चयन किया गया है। विस्थापन के लिए संबंधित विभाग से सर्वे और स्थानीय लोगों से विस्थापन व मुआवजा देने पर विचार विमर्श करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं दुर्गापुर क्षेत्र में भी लोगों को मूलभूत सुविधा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रीटमेंट कार्य के दौरान आबादी वाले इलाके प्रभावित नहीं हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इसके लिए संबंधित विभाग तकनीकी एजेंसी के सुझाव लेकर कार्य करें। उनके साथ संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल, एसडीएम प्रमोद कुमार, तहसीलदार मनीषा मकराना, सिचांई विभाग से अधीक्षण अभियंता एमके खरे, अधिशासी अभियंता बिजेंद्र कुमार आदि थे।