पनिया मेहता तोक के खत्री खाड़ गांव के 10 मकानों में दरारें पड़ने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने जमरानी बांध के निर्माण कार्य में ब्लास्टिंग पर फिलहाल रोक लगा दी है। डीएम की ओर से एसडीएम नवाजिश खलीक के नेतृत्व में गठित की गई जांच टीम ने गांव पहुंचकर वस्तुस्थिति जांची। इसी के बाद ब्लास्टिंग पर रोक का फैसला लिया गया। बुधवार को मौके पर पहुंची टीम ने कुछ मकानों में दरार पाईं। इस दौरान भू-वैज्ञानिक ने गहनता से मकानों की जांच कर कहा कि मकानों में आई दरारों को जांचने के लिए शीघ्र ही भूकंपमापी संयंत्र (सिस्मोग्राफ) लगाना होगा। तय किया गया कि शुक्रवार तक यह संयंत्र गांव में लगा दिया जाएगा। जांच टीम के अधिकारियों ने जमरानी बांध परियोजना के प्रबंधक को निर्देश दिए कि वह सिस्मोग्राफ स्थापित होेने तक क्षेत्र में ब्लास्टिंग न कराएं। अधिकारियों ने परियोजना प्रबंधक को गांव में सुरक्षा दीवार बनवाने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान भू-वैज्ञानिक कामिनी बिष्ट, जमरानी बांध परियोजना प्रबंधक हिमांशु पंत सहित विभागीय अधिकारी आदि मौजूद थे।