16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया ने कहा है कि देशभर के पंचायतों की समस्याएं सुनने के साथ ही ग्राम पंचायतों से ही उनके समाधान के सुझाव भी लिए जा रहे हैं। कहां क्या समस्या है और वह कैसे दूर हो, इस पर आयोग पंचायतों के र्दौरे के बाद निर्णय लेगा। अपनी रिपोर्ट के आधार पर समस्याएं दूर करने के लिए केंद्र सरकार को जून माह तक सिफारिशें उपलब्ध करा देगा, ताकि समस्याओं को ठोस और जल्द समाधान हो सके।16वें वित्त आयोग की टीम मंगलवार को यहां ग्राम पंचायत चाफी और अलचौना के दौरे पर थी। इस दौरान आयोग की टीम ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया ने कहा कि टीम ने समस्याओं की गंभीरता समझते हुए ग्राम पंचायतों से समाधान के सुझाव भी लिए हैं। देश भर में ग्राम पंचायतों में क्या समस्याएं हैं, इस बात को ध्यान में रखते हुए आगे समाधान की दिशा तय की जाएगी। जून तक आयोग अपनी रिपोर्ट के आधार पर भारत सरकार को इसके लिए सिफारिशें भेज देगा। ग्रामीणों ने आयोग की टीम के सामने जंगली जानवरों से फसलों को नुकसान समेत तमाम समस्याएं रखीं। इस पर आयोग ने कहा कि जंगली जानवरों और सड़क संबंधी समस्या राज्य सरकार स्तर पर ही हल की जाएंगी। अन्य समस्याओं के समाधान के लिए वह पूर्ण अध्ययन के बाद रिपोर्ट बनाएंगे। इस दौरान आयोग सदस्यों ने पॉलीहाउस नर्सरी का निरीक्षण कर लिलियम के फूलों के आयात-निर्यात को लेकर भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में खेतीबाड़ी की अपार संभावनाएं हैं। सरकार भी खेतीबाड़ी और पलायन रोकने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। उन्होंने महिला समूहों की ओर से तैयार पहाड़ी उत्पादों को देखकर महिलाओं के कार्यों की सराहना की।