वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार ने कहा धार्मिक आयोजनों से बंदियों में सकारात्मक सोच विकसित होती है । धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बंदियों को मिलती है अपराध से दूर रहने की प्रेरणा। धर्मनगरी में रंगों के त्यौहार होली की धूम है। शनिवार को श्री अखंड परशुराम अखाड़े के संयोजन में जिला कारागार में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जेल में निरुद्ध बंदियों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। जेल प्रशासन की देखरेख और कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और होली गीतों पर बंदी जमकर झूमे। सभी ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि वे पिछले तीन साल से जिला कारागार में त्यौहार मना रहे हैं। धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बंदियों के भीतर आत्मचिंतन की भावना जागृत होती है और वे अपराध की प्रवृत्ति से दूर रहने के लिए प्रेरित होते हैं।