हरिद्वार में अपहरण के एक मामले में दो महीने से फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ रानीपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए न्यायालय के आदेश पर उसके घर पर ढोल नगाड़ों के साथ मुनादी की कार्रवाई की। जल्द हत्थे न चढ़ने पर अब कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। रानीपुर कोतवाल शांति कुमार गंगवार ने बताया कि 15 अक्टूबर को ग्राम कुतुबपुर निवासी व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को विकास उर्फ काला निवासी ग्राम कुतुबपुर गढ़मीरपुर, बहला-फुसलाकर ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। नाबालिग की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचता रहा। कई संभावित ठिकानों पर तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका। आरोपी के लगातार फरार रहने पर न्यायालय से गैर जमानती वारंट प्राप्त किए, इसके बाद न्यायालय से फरारी की उद्घोषणा के आदेश भी जारी किए गए। कोर्ट के निर्देश पर शनिवार को टीम ग्राम कुतुबपुर स्थित आरोपी के घर पहुंची। यहां ढोल-नगाड़ों के साथ सार्वजनिक रूप से उद्घोषणा की गई और आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा किया गया, जिससे उसे न्यायालय में हाजिर होने का अंतिम अवसर दिया गया। बताया कि यदि आरोपी निर्धारित समय के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करता है तो उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।