श्यामपुर। करीब 2 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से तैयार श्यामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अब जल्द ही स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। लंबे समय से स्वास्थ्य केंद्र के संचालन का इंतजार कर रहे ग्रामीणों को राहत मिलने वाली है। अमर उजाला द्वारा लगातार प्रमुखता से प्रकाशित की जा रही खबरों का संज्ञान लेते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर केंद्र का निरीक्षण कराया। निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य केंद्र को संचालन के लिए हरी झंडी दे दी गई है। शुक्रवार के बाद शनिवार से यहां ग्रामीणों को उपचार की सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी।