डीपीएस रानीपुर हरिद्वार में हुई पुलिस की पाठशाला में छात्र-छात्राओं को यातायात की जानकारी दी गई। वक्ताओं की ओर से कहा गया कि जब भी वह वाहन चलाएं, उसमें उसकी चाबी लेने से पहले हेलमेट जरूर लगाएं और सड़क दुर्घटनाओं से जीवन बचाएं। बृहस्पतिवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से हुई पुलिस की पाठशाला में प्रधानाार्य डा. अनुपम जग्गा ने कहा कि छात्र-छात्राएं व्यर्थ में अपना समय न गंवाएं। कहा कि आजकल मोबाइल पर छात्र-छात्राओं की ओर से रील देखने में अपना समय जाया किया जा रहा है, जबकि, इससे हासिल कुछ ज्यादा नहीं हो रहा है। उल्टे मोबाइल देखने की लत पड़ रही है, जो दिमाग और स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है। इससे अच्छा वह रोजाना अखबार पढ़ें। अखबार पढ़ने से देश-विदेश, प्रदेश और अपने शहर की सूचनाओं से अपडेट रहा जा सकेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने के लिए भी अखबार सहयोगी बनेंगे। उन्होंने रोजाना बच्चों से अखबार पढ़ने का आह्वान किया। परिवहन अधिकारी वरूणा सैनी ने छात्र-छात्राओं को सड़क यातायात की जानकारी दी। कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में इतनी मौते हो रही हैं, जिनका आंकड़ा हैरत करने वाला है। उन्होंने कहा कि जब भी सड़क पर वाहन चलाने से पहले लाइसेंस जरूर बनवाएं। दुपहिया वाहनों का प्रयोग करने के लिए हेलमेट का इस्तेमाल अवश्य करें। कहा कि सड़क यातायात के नियमों को जाने बगैर वाहनों का न चलाएं। कार्यक्रम में बच्चों से उत्तराखंड प्रदेश से जुड़े पांच प्रश्न भी पूछे गए। जिनके सही उत्तर देने वालों को अमर उजाला फाउंडेशन की पुस्तकें देकर सम्मानित किया गया। इनमें अदिति कठैत, वैभव सिंह, अरोही चौहान और अध्यापक नवीन चौहान आदि मौजूद रहे।