उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट ने सोमवार को छमनिया चौड़ स्थित निर्माणाधीन स्टेडियम और बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेल अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उपाध्यक्ष बिष्ट ने निर्माणाधीन स्टेडियम की गुणवत्ता में आई किसी भी त्रुटि को शीघ्र सुधारने, ट्रैक निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के आदेश दिए। साथ ही स्टेडियम के आसपास बची हुई खाली जगह का उपयोग हॉकी, खो-खो, हैंडबॉल, बैडमिंटन और योगा के कोर्ट विकसित किए जाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आने वाले समय में खेलो इंडिया योजना के तहत सभी खेलों का संचालन इसी स्टेडियम से किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर मिल सकेंगे। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, निर्मल सिंह माहरा, सुभाष बगौली, दीपक सिंह अधिकारी, नितिन सिंह ढेक, दीपक गोस्वामी आदि मौजूद रहे।