चंपावत जिले में पूंजीगत व्यय बढ़ाया जाए। कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करने के साथ ही वर्क प्लान के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य किए जाएं। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए चंपावत को एक आदर्श, योजनाबद्ध और तेज गति से विकसित होने वाले जनपद के रूप में स्थापित करें। यह बातें मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने चंपावत दौरे के दौरान अधिकारियों से कहीं। मंगलवार को जिला सभागार में उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव ने प्रमुख विकास योजनाओं, जनपदीय नवाचारों, सीएम घोषणाओं, केंद्र-राज्य व्यय की समीक्षा की। उन्होंने गोल्ज्यू कॉरिडोर, कृषि महाविद्यालय, पैरामेडिकल कॉलेज, छमनिया स्पोर्ट्स महाविद्यालय, यूयूएसडीए पेयजल योजना, एनएच स्वाला सुधार योजना आदि पर चर्चा की। मुख्य सचिव ने पंचेश्वर में एंग्लिंग पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष वार्षिक एंगलर्स मीट आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही चंपावत-लोहाघाट मास्टर प्लान की समीक्षा करते हुए कहा कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं मास्टर प्लान में सम्मिलित करने को कहा। इस दौरान डीएम मनीष कुमार ने जिले में चल रहे प्रमुख नवाचारों ज्ञान केंद्र लाइब्रेरी, ज्ञान सेतु पुल, कंप्यूटर ऑन व्हील, पिरूल ब्रिकेटिंग यूनिट आदि की जानकारी दी।