चमोली जिले में देर रात तक बारिश और बर्फबारी होने से समूचे जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बदरीनाथ धाम और औली में आधा फीट तो हेमकुंड साहिब में एक फीट तक ताजी बर्फ जम गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दूसरे दिन भी बर्फ गिरी। जिले में 50 से अधिक गांव बर्फ से ढक गए हैं, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। चमोली-मंडल-ऊखीमठ-कुंड हाईवे और ज्योतिर्मठ-मलारी हाईवे पर आवाजाही बंद हो गई है। वहीं, हाईवे पर वाहन फिसल रहे हैं। मंगलवार को सुबह धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिली, लेकिन दोपहर बाद फिर मौसम खराब हो गया।