न्याय पंचायत देवलकोट के अंतर्गत शीतकालीन एवं शरदकालीन जूनियर व प्राथमिक वर्ग की न्याय पंचायत स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन सीआरपी नोडल अधिकारी देवलकोट राहुल सिंह रावत की ओर से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य विशाम्बरी देवी और जिला पंचायत प्रतिनिधि एडवोकेट देवेंद्र सिंह नेगी ने ध्वजारोहण कर किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। प्रतियोगिता में न्याय पंचायत क्षेत्र के 27 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान दौड़, खो-खो, कबड्डी, ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में मल्ली मज्याड़ी के छात्रों का दबदबा रहा। जूनियर एवं प्राथमिक वर्ग में कुल 116 छात्र-छात्राओं का ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। चयनित छात्र-छात्राएं गैरसैंण में आयोजित होने वाली ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। मुख्य अतिथियों ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं।