तीन दिवसीय 'नौठा कौथीग लट्ठमार मेला' लाठी-डंडों के प्रतीकात्मक युद्ध के साथ संपन्न। मेले के अंतिम दिन मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने मेला कमेटी के प्रयासों को सराहते हुए विधायक निधि से ₹2 लाख और मुख्यमंत्री द्वारा सुरक्षा दीवार के लिए ₹1 करोड़ स्वीकृत होने की जानकारी दी। मेले का मुख्य आकर्षण विवेक नौटियाल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं, जिन्होंने 'नंदा स्तुति' और कई लोकगीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। दोपहर में परंपरा के अनुसार खेती के मालगुजार दिनेश पंवार के नेतृत्व में देव डोली और दल मंदिर पहुंचे, जहां उनका स्वागत कर तलवार भेंट की गई। लट्ठमार योद्धाओं ने प्रतीकात्मक युद्ध के बाद गले मिलकर भाईचारे का संदेश दिया। महिलाओं ने शिव खली में चौंफुला और झुमैलो नृत्य किया। अनुकूल मौसम के चलते मेले में भारी भीड़ उमड़ी और व्यापारियों ने अच्छा कारोबार किया।