बागेश्वर में नुमाइशखेत मैदान में पांच दिवसीय सहकारिता मेला शुरू हो गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा ने मेले का दीप जलाकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मेले के माध्यम में स्थानीय कलाकारों, बच्चों और महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और उत्पादों को प्रदर्शित करने का मौका मिल रहा है। उन्होंने दीन दयाल उपाध्याय योजना के तहत 27 काश्तकारों को 31.50 लाख रुपए के ब्याज रहित ऋण के चेक और सहकारिता समिति गरुड़ व डंगोली को माइक्रो एटीएम प्रदान किए । मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री टम्टा ने कहा कि मेले का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों, महिला स्वयं सहायता समूहों के बनाए पारंपरिक उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना है। कहा कि जिला कीवी उत्पादन में प्रथम स्थान पर है। यहां के मछली पालन, अचार-नमकीन निर्माण और तांबे के उत्पादों की भी काफी मांग है। कहा कि कार्यशालाओं के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें स्टार्टअप के लिए प्रेरित किया जाएगा। लोक कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मेले में मौजूद लोगों का मन मोहा।