बागेश्वर नगरपालिका के बिलौनासेरा वार्ड में समण गोल्ज्यू मंदिर से गड़ियागांव तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग तेज हो गई है। क्षेत्रवासियों ने डीएम को ज्ञापन देकर जल्द मामले का संज्ञान लेकर सड़क निर्माण की कवायद शुरू कराने की मांग की है। शुक्रवार को डीएम को दिए ज्ञापन में क्षेत्रवासियों ने बताया कि समण मंदिर से मल्लागैर होते हुए गड़ियागांव तक तीन किमी की सड़क बनाने की मांग लंबे समय से चल रही है। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. चंदन राम दास ने लोनिवि के माध्यम से सड़क का निर्माण कराने की बात कही थी। हालांकि अब तक सड़क निर्माण को लेकर कोई काम नहीं हुआ है। विभाग को ज्ञापन देने के बाद भी ग्रामीणों की मांग पूरी नहीं हो सकी है। बताया कि मोटर मार्ग नहीं होने से लोगों को गैस सिलिंडर, एंबुलेंस आदि सेवाओं के लिए पैदल चलकर सड़क तक आना पड़ता है। लोग नहर की दीवारों पर चलकर अपने घरों तक पहुंचते हैं। क्षेत्रवासियों ने डीएम से जल्द समस्या का निदान करवाने की मांग की है। इस मौके पर घनानंद पांडेय, विजय पांडेय, रमेश चंद्र पांडेय, गोविंद जोशी, संजय पांडे आदि मौजूद रहे।