बागेश्वर में आंगनबाड़ी केंद्रों को सुविधा संपन्न बनाने, राज्य कर्मचारी घोषित किए जाने आदि मांगों के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विकास भवन में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को ज्ञापन देकर समस्याओं के जल्द निदान की मांग की। संगठन की जिलाध्यक्ष भगवती जोशी ने बताया कि कार्यकर्ताओं पर केंद्रों को बेहतर बनाने के लिए हमेशा दबाव रहता है लेकिन प्रशासन की ओर से बैठने तक के इंतजाम नहीं किए गए हैं। पोषण ट्रैकर ऑनलाइन वर्क के लिए भी हमेशा दबाव बनाया जाता है जबकि कई स्थानों पर नेटवर्क ही नहीं हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष विमला कपकोटी ने फर्नीचर और दरी का प्रबंध करने, पंजिकाओं को सुरक्षित रखने के लिए अलमारी देने, टेक होम राशन के लिए प्रत्येक केंद्र को ढुलान का रुपया देने आदि की मांग रखी। वहां पर लीला आर्या, राहिला तबस्सुम, नीमा गोस्वामी, कमला दानू, तारा देवी, गीता पांडेय आदि थीं।