बागेश्वर में अपनी 27 सूत्री लंबित मांगों के निराकरण न होने से आक्रोशित उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। महासंघ के जिला पदाधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। डीएम के माध्यम से सीएम को एक ज्ञापन प्रेषित कर समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग उठाई। बुधवार को लोनिवि के विश्राम गृह परिसर में महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि शासन स्तर पर लगातार अनुरोध के बावजूद डिप्लोमा इंजीनियर्स की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है, जिससे प्रदेश भर के सदस्यों में भारी रोष व्याप्त है। सीएम को भेजे गए ज्ञापन में महासंघ ने बताया कि डिप्लोमा इंजीनियर विषम भौगोलिक परिस्थितियों में चारधाम यात्रा मार्गों को सुचारू रखने, आपदा राहत, जल जीवन मिशन और नमामि गंगे जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके साथ ही आगामी अर्धकुंभ 2027 की तैयारियों में भी वे जुटे हैं। लेकिन उनकी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया जा रहा है। महासंघ के जिला सचिव विपिन चंद्र सनवाल और जिला अध्यक्ष नंद किशोर जोशी ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आगामी 23 फरवरी को प्रदेश भर के डिप्लोमा इंजीनियर्स देहरादून में परेड ग्राउंड से सचिवालय तक रैली निकालकर सचिवालय का घेराव करेंगे। इस मौके पर संदीप सिंह बिष्ट, कैलाश चंद्र पांडेय, दान सिंह, कुंदन सिंह, ज्योति कांडपाल, नरेश चंद्र पाठक, संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।