बागेश्वर में नगरवासियों की समस्याओं को करीब से जानने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने वार्डवार चौपाल लगाने की पहल शुरू की है। बुधवार को उन्होंने नारायणदेव वार्ड में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका प्राथमिकता से निस्तारण करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में 32 समस्याएं दर्ज हुईं। सैंज के हनुमान मंदिर प्रांगण में आयोजित चौपाल में सर्वाधिक समस्याएं पेयजल और निकास नाली की आईं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि हाइडिल के समीप बहने वाले नाले की नियमित सफाई नहीं होने से बारिश के दिनों में पानी लोगाें के घरों में घुस जाता है। सड़क का मलबा और पानी भी आबादी की ओर बहने से काफी परेशानी होती है। बारिश के दौरान त्यूनरा गधेरे के कारण होने वाली परेशानी भी लोगों ने उठाई। भटखोला के लोगों ने पेयजल संकट से निजात दिलाने की मांग की। लोगों ने वार्ड के अधिकतर रास्तों पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने, रास्तों के बदहाल होने की परेशानी भी बताई। पालिकाध्यक्ष खेतवाल ने बताया कि दो महीने से कम के कार्यकाल में मंडलसेरा और नारायणदेव वार्ड में चौपाल लगा चुके हैं। बाकी वार्डों में भी आगामी महीनों में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी। इस मौके पर सभासद ज्योति पूना, ईओ मोहम्मद यामीन शेख, दीपा आर्या, प्रेम सिंह हरड़िया, किशन नगरकोटी आदि मौजूद रहे।