सोनभद्र। ओबरा तहसील क्षेत्र के बसुहारी गांव के जनजातीय वर्ग के लोगों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। भूमाफियाओं पर जबरन जमीन रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया। डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी जमीन को बचाने और न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ितों के अनुसार गत 18 नवंबर को मिर्जापुर के कुछ लोग उन्हें बैंक खाता खुलवाने के बहाने बहला-फुसलाकर कई गाड़ियों में बैठाकर राॅबर्ट्सगंज के एक मकान में ले गए। वहां उन्हें राइफल दिखाकर डराया-धमकाया गया। उनसे दस्तावेजों पर अंगूठा और हस्ताक्षर जबरन करा लिया गया। अगले दिन उन्हें नशे में रखकर उनकी जमीन की रजिस्ट्री करा दी गई। इस घटना के बाद वे पूरी तरह से भूमिहीन और बेसहारा हो जाएंगे। आदिवासी किसानों ने डीएम से इस रजिस्ट्री को निरस्त कराने, जमीन बचाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। सुरक्षा के लिए भी गुहार लगाई। ज्ञापन सौंपने वालों में सूर्य प्रताप सिंह, प्रहलाद, विनोद कुमार, सुरेश, नन्हई, बीरबल, कुलदीप, बाबूलाल, रामअधार, संतू, प्रभु आदि शामिल रहे।