सेवायोजन विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को शहर के एक निजी होटल में इंटरनेशनल मोबिलिटी कॉन्क्लेव - 2025 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर, डीएम सत्येंद्र कुमार और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने किया। श्रममंत्री ने कहा कि सेवायोजन विभाग की ओर से युवाओं को देश और विदेशों में लगातार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कहा कि वर्तमान सरकार देश-विदेश में कार्य कर रहे श्रमिकों के हितार्थ कार्य संकल्पबद्ध और किसी भी श्रमिकों की समस्याओं को त्वरित ढंग से निस्तारित कराया जा रहा है। बताया कि इस्राइल में छह हजार श्रमिकों को रोजगार दिलाया गया। उन्हें दो लाख रुपये महीने सैलरी मिल रही है। जर्मनी, जापान और अन्य देशों में भी श्रमिकों व तकनीकी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि सेवायोजन विभाग का प्रयास अत्यंत सराहनीय है। विदेशों में जाने वाले युवाओं को उन देशों के नियमों-भाषाओं तथा अन्य जानकारी प्रदान कराने के लिए ट्रेनिंग दी जा रही है। ताकि उनको उन देशों में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का सामना न करना पड़े।